संयुक्त राष्ट्र में भारत का पक्ष रखकर लौटे सांसद गुर्जर का स्वागत न्यूयॉर्क प्रवास के अनुभव साझा किए, प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार
मंदसौर। संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत का पक्ष रखने के बाद राज्यसभा सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर के नीमच पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। न्यूयॉर्क प्रवास से लौटे गुर्जर ने पत्रकारों से चर्चा में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का पक्ष रखने के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें देश का पक्ष रखने का अवसर दिया, जिसके लिए वे उनके आभारी हैं। गुर्जर ने बताया कि भारत की ओर से गए प्रतिनिधिमंडल में आठ राजनीतिक दलों के 15 सांसद शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एनसीपी सांसद प्रफुल्ल पटेल ने किया। सभी सांसदों ने संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत का पक्ष मजबूती से रखा। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर एक ताकतवर देश के रूप में उभर रहा है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश के प्रतिनिधि प्रभावी तरीके से अपनी बात रख रहे हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत का पक्ष रखने के अनुभव को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से मिले इस अवसर से उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की बात रखने का मौका मिला। नीमच में हुए स्वागत पर उन्होंने कहा कि लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें हमेशा मिलता रहा है। इस बार भी साथियों ने आत्मीयता दिखाई, जिसके लिए वे सभी का आभार व्यक्त करते हैं। गुर्जर के नीमच आगमन पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं से उनका स्वागत किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

