एमडी ड्रग्स व डोडाचूरा के साथ दो नाबालिग पकड़े, सप्लाय करने वाले दो आरोपी भी नामजद, पुलिस ने 230 ग्राम एमडी पाउडर, 3.5 किलो डोडाचूरा और बाइक की जब्त, झालावाड़ ले जा रहे थे नशीला पदार्थ
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने डिगांव-कचनारा मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में दो नाबालिग बालकों को पकड़ा है। इनके कब्जे से 230 ग्राम एमडी पाउडर और 3 किलो 500 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में नशीले पदार्थ उपलब्ध कराने के आरोप में दो अन्य युवकों को भी नामजद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिग मादक पदार्थ लेकर झालावाड़, राजस्थान की ओर जा रहे थे। हालांकि, नशीला पदार्थ किस व्यक्ति को सौंपना था, इसका पता अभी नहीं चल पाया है। नाहरगढ़ टीआई वरुण तिवारी ने बताा 10 अक्टूबर को सहायक उपनिरीक्षक दशरथ कुमार माली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक सुपर स्प्लेंडर बाइक पर अवैध एमडी पाउडर और डोडाचूरा लेकर डिगांव-कचनारा मार्ग से राजस्थान की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम फतेहगढ़ के सामने बालाजी मंदिर के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए का युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास कट्टे में भरा साढे तीन किलो डोडाचूरा तथा पेंट की जेब में रखी थैली से 230 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुर्द। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि मादक पदार्थों की सप्लाय के मामले में प्रतापगढ़ राजस्थान निवासी प्रतीक पिता प्रकाश लबाना और अखेपुर निवासी हैदर लाला की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने दोनों को भी मामले में आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बालकों में एक अखेपुर और दूसरा बसेरा क्षेत्र का निवासी है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह रतलाम भेजने के आदेश हुए।
नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी ने बताया कि मामले में नामजद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उनसे पूछताछ और आगे की जांच के बाद नशीला पदार्थ झालावाड़ में किसे दिया जाना था, इस संबंध में जानकारी मिलने की संभावना है।