नवरात्र में बिजली कटौती पर भड़के मंत्री, बोले- दिवाली पर क्या होगा? मोहन कैबिनेट में उठा गांवों में बिजली संकट का मुद्दा, रबी सीजन से पहले आपूर्ति सुधारने के निर्देश

मंदसौर। मध्यप्रदेश के गांवों में बिजली कटौती का मुद्दा मोहन कैबिनेट की बैठक में गरमा गया। नवरात्र जैसे पर्व पर भी पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से नाराज मंत्रियों ने ऊर्जा विभाग को घेरा। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने यह मुद्दा उठाया तो मंत्री नागर सिंह चौहान सहित अन्य मंत्रियों ने भी उनका समर्थन किया। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा कि गांवों में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से लोगों में गुस्सा है। मंत्रियों ने चिंता जताई कि जब नवरात्र में ही बिजली के लिए परेशानी हो रही है तो दिवाली पर स्थिति और बिगड़ सकती है। रबी सीजन शुरू होने वाला है, ऐसे में सिंचाई के लिए बिजली की मांग बढ़ने पर किसानों की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं। बैठक में मंत्रियों ने अघोषित बिजली कटौती से किसानों में बढ़ते आक्रोश का मुद्दा उठाते हुए आपूर्ति व्यवस्था सुधारने की जरूरत बताई। मुख्यमंत्री के समक्ष यह मामला आने के बाद बिजली आपूर्ति बढ़ाने की बात कही गई। कैबिनेट बैठक के बाद ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंत्रालय में बिजली विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर रबी सीजन में किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के एमडी को सभी बिजली संयंत्र पूरी क्षमता से चलाने और कोयले की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। इस पर एमडी मंजीत सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी बिजली संयंत्रों में कोयले का पर्याप्त भंडारण है। ट्रांसमिशन कंपनी के एमडी सुनील तिवारी को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार काम समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। तोमर ने अधिकारियों से बिजली की मांग का अग्रिम आकलन कर उसके अनुसार आपूर्ति की कार्ययोजना बनाने को कहा। बैठक में प्रदेश में उपलब्ध नवकरणीय ऊर्जा की स्थिति और किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली देने पर भी चर्चा हुई। तीनों विद्युत वितरण कंपनियों के एमडी ने रबी सीजन के लिए बिजली उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में की गई तैयारियों की जानकारी दी। ऊर्जा मंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से लगातार संवाद बनाए रखने और बिजली की उपलब्धता व समस्याओं की जानकारी साझा करने के निर्देश भी दिए।

Oct 14, 2026 - 08:07
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0