मंदसौर के ससुर-दामाद इंदौर में 254 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार सुपर कॉरिडोर पर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, जब्त ड्रग्स की कीमत 25.40 लाख रुपए; राजस्थान के सीमावर्ती इलाके से लाने की आशंका

मंदसौर। इंदौर क्राइम ब्रांच ने सुपर कॉरिडोर के पास कार्रवाई करते हुए मंदसौर जिले के ससुर-दामाद को 254 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत 25 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मंदसौर से इंदौर में ड्रग्स की सप्लाई करने पहुंचे थे। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि वे राजस्थान के सीमावर्ती इलाके से मादक पदार्थ लेकर आए थे। इंदौर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी, इस संबंध में जांच की जा रही है। क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि सुपर कॉरिडोर पर बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर बाइक सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। उनके पास से 254 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिपलियामंडी निवासी समीर खान और उसके ससुर सीतामऊ निवासी जाकिर हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में समीर खान ने बताया कि उसके पिता की हाल ही में बायपास सर्जरी हुई थी, जिसके चलते उस पर कर्ज बढ़ गया था। कर्ज चुकाने और कारोबार में पर्याप्त मुनाफा नहीं होने के कारण उसने अपने ससुर के साथ मिलकर ड्रग्स तस्करी शुरू करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, समीर आठवीं तक पढ़ा है और लहसुन बेचने का काम करता है, जबकि जाकिर हुसैन 12वीं तक पढ़ा है और टोस्ट का ठेला लगाता है। क्राइम ब्रांच के अनुसार, दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। समीर खान को पहले धारा 151 के तहत निरुद्ध किया जा चुका है, जबकि जाकिर हुसैन मंदसौर जेल जा चुका है। पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत, इंदौर में इसके संभावित खरीदार और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

Oct 22, 2026 - 08:05
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0