दो बाइकों की टक्कर में किसान की मौत चार घायल, गंभीर तीन को रतलाम और उदयपुर रेफर किया
मंदसौर। सेतखेड़ी फाटक के पास बुधवार रात दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में छाजूखेड़ा निवासी 55 वर्षीय किसान शिवपाल सिंह की मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। इनमें शिवपाल का चार वर्षीय पोता खुशपाल भी शामिल है, जिसे मामूली चोट आई है। शिवपाल सिंह बेटी दौलत कुंवर (22), भतीजी गीता कुंवर (22) और पोते खुशपाल के साथ सोनगरी से लौट रहे थे। सेतखेड़ी फाटक के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। हादसे में शिवपाल के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दौलत कुंवर के सिर में गंभीर चोट आने पर उन्हें रतलाम रेफर किया गया। गीता कुंवर के सिर और गर्दन पर चोटें आई हैं। दूसरी बाइक पर सवार फतेहगढ़ निवासी रवि सूर्यवंशी (28) और सेतखेड़ी निवासी अनिल भी घायल हुए। दोनों की हालत गंभीर होने पर उदयपुर रेफर किया गया। नई आबादी थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम के बाद शिवपाल का शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन को रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

