पशुपतिनाथ मंदिर में अशोभनीय हरकत करने वाले आरोपी पर रासुका, प्रबंधक हटाए गए सुरक्षा एजेंसी को नोटिस, घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की खोली पोल
मंदसौर। भगवान पशुपतिनाथ महादेव मंदिर परिसर में अशोभनीय व्यवहार करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की है। हालांकि घटना के बाद मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। प्रशासन ने कार्यवाही बतौर घटना के बाद मंदिर प्रबंधक राहुल रूनवाल को पद से हटा दिया गया, जबकि सुरक्षा एजेंसी को नोटिस जारी किया गया है। मामले के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच नयापुरा निवासी ईमरान पिता अब्दुल रशीद खलीफा कथित तौर पर शराब के नशे में पशुपतिनाथ मंदिर परिसर स्थित सहस्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा और गर्भगृह तक चला गया। आरोप है कि इस दौरान उसने अशोभनीय हरकतें कीं। मामला सामने आने के बाद विरोध शुरू हुआ। नई आबादी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की गई। घटना के बाद मंदिर प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे। आरोप है कि शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया और घटना को दबाने का प्रयास किया गया। मंगलवार को सोशल मीडिया सहित अन्य मंचों पर विरोध तेज होने के बाद जिम्मेदार सक्रिय हुए। मंदिर समिति के सुरक्षा एजेंसी की ओर से नई आबादी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। लंबे समय से लचर है सुरक्षा व्यवस्था पशुपतिनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी चिंता जताई जाती रही है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2012 में खुफिया ब्यूरो (आईबी) ने मंदिर को संवेदनशील बताते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद मंदिर की सुरक्षा मुख्य रूप से निजी सुरक्षा गार्डों पर निर्भर है। मौजूदा घटना ने सुरक्षा व्यवस्था में संभावित खामियों और निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वालों की भूमिका पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

