बरखेड़ा पंथ में 3.06 करोड़ से बनेगी 2.5 किमी सड़क, चंबल का पानी दिसंबर तक खेतों में पहुंचाने का लक्ष्य उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने किया भूमि पूजन, सांसद सुधीर गुप्ता ने नगर वन विकसित करने की घोषणा की
मंदसौर। बरखेड़ा पंथ में टीलाखेड़ा श्मशान घाट से सांवरिया मंदिर तक 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 3 करोड़ 6 लाख 41 हजार रुपए की लागत से किया जाएगा। शनिवार को उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार और जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित ने भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने दिसंबर तक चंबल का पानी जिले के प्रत्येक खेत तक पहुंचाने का लक्ष्य बताया, वहीं सांसद ने बरखेड़ा पंथ में नगर वन विकसित करने की घोषणा की। उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। दो, चार और आठ लेन सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों के जरिए जनहित के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने बताया कि चंबल का पानी खेतों तक पहुंचने से किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और वर्ष में तीन फसलें लेने की संभावनाएं बढ़ेंगी। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। बरखेड़ा पंथ के तालाब का सौंदर्यीकरण कराने और वहां बड़े पैमाने पर पौधरोपण करने की बात भी कही। उन्होंने स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, खेल मैदान और शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाओं के विस्तार के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि देश और प्रदेश में विकास कार्यों के साथ नवाचारों को बढ़ावा मिल रहा है। सरकार योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए काम कर रही है। उन्होंने नई अफीम नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे करीब 10 हजार 500 नए किसानों को लाभ मिलने की संभावना है। बरखेड़ा पंथ में फलदार वृक्षों के साथ नगर वन विकसित किया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण से गांवों में बदलाव आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभों का भी उल्लेख किया। भूमि पूजन कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और पत्रकार उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

