शाही सवारी से पहले प्रशासन अलर्ट, अतिक्रमण और जर्जर मकान हटेंगे; सुरक्षा-यातायात की रहेगी पुख्ता व्यवस्था शांति समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश, पर्वों पर डीजे से बचने और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के प्रयोग पर जोर
मंदसौर। आगामी धार्मिक पर्वों और भगवान पशुपतिनाथ की शाही सवारी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में कलेक्टर दिव्यांक सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में शाही सवारी सहित आगामी पर्वों के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, बिजली, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में हरियाली अमावस्या, तृतीय श्रावण सोमवार पर भगवान पशुपतिनाथ की पालकी, नागपंचमी, अंतिम श्रावण सोमवार पर राजसी सवारी, ईद मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन, श्रावण पूर्णिमा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गोगा नवमी, रामदेव जयंती, डोल ग्यारस, अनंत चतुर्दशी और गणेश विसर्जन सहित विभिन्न पर्वों की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि सभी पर्व परंपरागत रीति-रिवाजों और आपसी सौहार्द के साथ हर्षोल्लास से मनाए जाएं। धार्मिक आयोजनों में पारंपरिक वाद्य यंत्रों और ढोल आदि का प्रयोग किया जाए तथा डीजे के उपयोग से बचा जाए। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग इस तरह हो कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। आयोजक मंडल प्रशासन के सहयोग से आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक नवीन व्यवस्थाएं कर सकते हैं। यातायात की समस्या वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया। शाही सवारी मार्ग की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सवारी मार्ग पर कोई अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। जर्जर मकानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। संकरे रास्तों और गलियों को चिन्हित किया जाए तथा मार्ग पर खड़ी पुरानी या अनुपयोगी गाड़ियों को हटाया जाए। सवारी मार्ग में यदि कोई निर्माण कार्य चल रहा है तो समय रहते उसकी बाधा दूर की जाए। स्वच्छता व्यवस्था भी पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। सवारी के दौरान मेडिकल एंबुलेंस, पेयजल और सुचारू विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था रहेगी। यातायात प्रबंधन को सुनियोजित रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। आयोजक मंडलों को पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग मिल सके। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने कहा कि शाही सवारी सहित सभी प्रमुख आयोजनों में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। आवश्यक स्थानों और महत्वपूर्ण पॉइंट पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। पुलिस और प्रशासन के समन्वय से सभी पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, एएसपी बघेल सहित शांति समिति के सदस्य और पत्रकार मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

