भानपुरा पुलिस की कार्रवाई, 25 लाख की एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा जब्त तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी; मोटरसाइकिल और दो मोबाइल भी जब्त
मंदसौर। भानपुरा पुलिस ने गरोठ-भानपुरा आम रोड पर कार्रवाई करते हुए 250 ग्राम एमडी ड्रग्स और पांच किलो डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त एमडी की कीमत करीब 25 लाख रुपए और डोडाचूरा की कीमत 10 हजार रुपए बताई गई है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मादक पदार्थ उपलब्ध कराने के मामले में सामने आए एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर गरोठ-भानपुरा आम रोड पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान लक्ष्मण पिता अंतरसिंह सौंधिया राजपूत और गोविंद पिता दानी सिंह, निवासी बरड़िया बामनी, थाना गरोठ को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 250 ग्राम एमडी ड्रग्स, पांच किलो डोडाचूरा, बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए गए। पूछताछ और जांच में चांदखेड़ी-बोलिया निवासी महेंद्र सिंह पिता केसर सिंह का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, महेंद्र सिंह को मादक पदार्थ सुवासरा थाना क्षेत्र के धामनिया निवासी ईश्वर सिंह ने उपलब्ध कराया था। ईश्वर सिंह की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जब्त सामग्री में करीब 50 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल और 15 हजार रुपए कीमत के दो मोबाइल भी शामिल हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

