फोरलेन पर बाइक की टक्कर से फैक्ट्री कर्मचारी घायल, सात दिन बाद केस दर्ज पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दंपती और बेटी भी घायल, अज्ञात चालक पर प्रकरण दर्ज
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। महू-नीमच फोरलेन पर सोनिक बायोकेम फैक्ट्री के सामने तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हुए कर्मचारी के मामले में पुलिस ने सात दिन बाद केस दर्ज किया है। हादसे में कर्मचारी के बाएं पैर, सिर और पीठ पर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे उदयपुर रेफर किया गया था।
पुलिस को दी रिपोर्ट में जयलाल पिता मनीजर पैकरा निवासी ग्राम केवरा, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़), हाल मुकाम सोनिक बायोकेम फैक्ट्री वेयरहाउस क्वार्टर, पिपलियामंडी ने बताया कि 17 अक्टूबर 2026 की रात करीब 7.30 बजे वह अपने साथी रामलाल पैकरा के साथ पैदल फैक्ट्री में काम करने जा रहा था। उनके पीछे रामधारी (40) पिता गोपी पैकरा चल रहा था। फैक्ट्री के सामने फोरलेन पर सड़क किनारे पैदल चलते समय मंदसौर की ओर से आई तेज रफ्तार बाइक ने रामधारी को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक और पीछे बैठा व्यक्ति भी गिरकर घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को संभाला गया। टोल एंबुलेंस से रामधारी और बाइक पर पीछे बैठे विजय पिता शंकरलाल डांगी निवासी शिक्षक कॉलोनी, पिपलियामंडी को मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बाइक का नंबर एमपी 14 जेडके 1634 बताया गया है। रामधारी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने विवेचना के बाद बाइक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
पिकअप की टक्कर से दंपती और बेटी घायल, अज्ञात चालक पर केस
पिपलियामंडी चौकी क्षेत्र में कृषि मंडी के आगे श्रीलालजी पेट्रोल पंप के पास पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दंपती और उनकी बेटी घायल हो गए। हादसा 23 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8.45 बजे हुआ। परिवार लसुडिया राठौर से पिपलियामंडी आ रहा था। पीछे से आए पिकअप चालक ने तेज गति और लापरवाही से ओवरटेक करते समय बाइक को साइड से टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर गए।
पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, फरियादी ग्राम लसुडिया राठौर में किराना दुकान संचालित करता है। हादसे के समय वह पत्नी ललिता रत्नावत (45) और बेटी रिद्धी रत्नावत (20) के साथ बाइक क्रमांक एमपी 41 एमबी 6629 से पिपलियामंडी आ रहा था। टक्कर से फरियादी के दाहिने घुटने और कोहनी, पत्नी ललिता के सिर और हाथों तथा बेटी रिद्धी के दाहिने घुटने और कोहनी में चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एलएम अस्पताल पिपलियामंडी पहुंचाया गया। बाद में उन्हें मंदसौर जिला अस्पताल ले जाया गया। ललिता के सिर में अधिक चोट होने के कारण उन्हें मंदसौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फरियादी पिकअप का नंबर नहीं देख पाया। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।