मंदसौर के सगे भाई-बहन मोहित-वेदिका का राष्ट्रीय हॉकी टीम में चयन दिसंबर में रांची और जनवरी में राउरकेला में दिखाएंगे दमखम, केंद्रीय विद्यालय की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर मिली जगह
मंदसौर। शहर के लिए गौरव की बात है कि केंद्रीय विद्यालय मंदसौर में अध्ययनरत सगे भाई-बहन मोहित बथमी और वेदिका बथमी का चयन ऑल इंडिया केंद्रीय विद्यालय हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में होने वाली अंडर-17 राष्ट्रीय शालेय हॉकी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मोहित रांची में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जबकि वेदिका जनवरी में राउरकेला में मैदान पर उतरेंगी। दोनों खिलाड़ियों का चयन दिल्ली में आयोजित केंद्रीय विद्यालय राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। देशभर के केंद्रीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से राष्ट्रीय टीम के लिए उनका चयन हुआ है। मोहित कक्षा 11वीं में अध्ययनरत हैं, जबकि वेदिका कक्षा 10वीं की छात्रा हैं। एक ही परिवार के दोनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन मंदसौर के खेल जगत के लिए विशेष उपलब्धि है। रोजाना दो से तीन घंटे करते हैं अभ्यास जिला खेल अधिकारी ओपी हरोड़ ने बताया कि मोहित और वेदिका मध्य प्रदेश शासन के हॉकी फीडर सेंटर तथा केंद्र सरकार के खेलो इंडिया सेंटर के नियमित सदस्य हैं। दोनों प्रतिदिन दो से तीन घंटे हॉकी का अभ्यास करते हैं। नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। दोनों खिलाड़ियों की सफलता में हॉकी मंदसौर के प्रशिक्षकों और केंद्रीय विद्यालय की टीम का भी योगदान रहा है। विद्यालय की प्राचार्य नीलांजनी प्रसाद, खेल शिक्षक उमेश सर और कोच आजाद सर ने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिया। उनके पिता मिथुन बथमी फलों के व्यवसाय से जुड़े हैं और खेलों में रुचि रखते हैं। परिवार के सहयोग और खिलाड़ियों की मेहनत ने इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई। खेल जगत ने दी बधाई मोहित और वेदिका के चयन पर हॉकी मंदसौर के संरक्षक यशपाल सिंह सिसोदिया, विशाल गोयल और त्रिभुवन कविश्वर, जिला खेल अधिकारी ओपी हरोड़, हॉकी मंदसौर एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिसोदिया और सचिव अविनाश उपाध्याय सहित खेल जगत से जुड़े पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और वरिष्ठ खिलाड़ियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हॉकी मंदसौर के जनसंपर्क अधिकारी जितेंद्र कनौजिया ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों के चयन से जिले के युवा हॉकी खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। खेल जगत को उम्मीद है कि मोहित और वेदिका राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन कर मंदसौर और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

