पीएम किसान सम्मान निधि से खुश हैं 75 वर्षीय किसान रतनलाल, जैविक खाद उत्पादन से भी किसान ने कमाया मुनाफा
मंदसौर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम एलची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, जिला स्तरीय अधिकारियों और ग्रामीणों ने कार्यक्रम देखा और सुना। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर के किसानों के बैंक खातों में किस्त की राशि अंतरित की गई। इसका लाभ मंदसौर जिले के किसानों को भी मिला। ग्राम एलची के 75 वर्षीय किसान रतनलाल सूर्यवंशी ने भी अन्य किसानों के साथ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। उन्होंने बताया कि उन्हें पिछले कई वर्षों से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। योजना से मिलने वाली राशि खेती और अन्य जरूरतों में काफी मददगार साबित होती है। लगातार मिल रही सम्मान निधि से खुश रतनलाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी अभियान के दौरान ग्राम सेमलिया हीरा में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल और जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने किसान सत्यनारायण कुमावत के वर्मी कंपोस्ट उत्पादन कार्य का निरीक्षण किया। किसान वर्मी कंपोस्ट के साथ जैविक पेस्टिसाइड भी तैयार करते हैं। उन्होंने हाल ही में 17.50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से 1,600 बोरी वर्मी कंपोस्ट खाद बेची, जिसकी कुल कीमत करीब 1.20 लाख रुपये रही। किसान के अनुसार इस कारोबार में लगभग 50 प्रतिशत मुनाफा हुआ है। वर्मी कंपोस्ट की मांग अधिक होने से उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों से भी ऑर्डर मिलते हैं। अभियान के तहत सेमलिया हीरा के हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों से भी संवाद किया गया। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, एसडीएम शुभम पाटीदार सहित अन्य अधिकारियों ने बच्चों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। अपर कलेक्टर जायसवाल ने विद्यार्थियों से कहा कि वे एकाग्रता से पढ़ाई करें, अपना लक्ष्य निर्धारित करें और जीवन में आने वाले संघर्षों से घबराएं नहीं। सीईओ जैन ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

