बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली में 509 किलो डोडाचूरा पकड़ा, एक गिरफ्तार डोडाचूरा की कीमत 1.01 करोड़ और ट्रैक्टर-ट्रॉली की 10 लाख रुपए आंकी; शक्करखेड़ी का दूसरा आरोपी फरार, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
शामगढ़। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को बिना नंबर के लाल रंग के मैसी ट्रैक्टर-ट्रॉली से 509 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि डोडाचूरा उपलब्ध कराने का आरोपित दूसरा व्यक्ति फरार है। जब्त डोडाचूरा की कीमत 1 करोड़ 1 लाख 80 हजार रुपए और ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत 10 लाख रुपए आंकी गई है। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस टीम को 31 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर का लाल रंग का मैसी ट्रैक्टर-ट्रॉली बसई की ओर से मेलखेड़ा होते हुए गरोठ की तरफ जा रहा है। इसमें अवैध डोडाचूरा भरा हुआ है। सूचना पर पुलिस ने देवरी-मेलखेड़ा आम मार्ग पर टकरावद फंटे के पास घेराबंदी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका और तलाशी ली। इसमें 27 काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा 509 किलो डोडाचूरा मिला। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक रमेश प्रजापति (51), पिता मोहनलाल प्रजापति, निवासी शक्करखेड़ी, थाना नाहरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने डोडाचूरा से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली कुशमल पिता माधुलाल पाटीदार, निवासी शक्करखेड़ी से लाना बताया। पुलिस ने रमेश प्रजापति और कुशमल पाटीदार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। फरार आरोपी की तलाश और डोडाचूरा के स्रोत के संबंध में जांच जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, सहायक उपनिरीक्षक शारदा प्रसाद तिवारी, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट, ममशाद नूर, आरक्षक विशाल सिंह, प्रेम कुमार रावत और हीरालाल का सराहनीय योगदान रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

