पुष्य नक्षत्र पर बाजार में बरसी धनवर्षा, चार करोड़ से अधिक का कारोबार ऑटोमोबाइल सेक्टर में सबसे ज्यादा रौनक, इलेक्ट्रॉनिक्स में एलईडी-वॉशिंग मशीन की मांग; सराफा और बर्तन बाजार में भी रही ग्राहकी

मंदसौर। पुष्य नक्षत्र पर रविवार को शहर के बाजारों में जमकर रौनक रही। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। सबसे ज्यादा भीड़ ऑटोमोबाइल सेक्टर में रही, जहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों की अच्छी बिक्री हुई। इलेक्ट्रॉनिक्स, सराफा, बर्तन और कपड़ा बाजार में भी ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। व्यापारियों के अनुसार, दिनभर में चार करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार हुआ। शनिवार को ही पुष्य नक्षत्र के शुभ मुहूर्त के लिए कई ग्राहकों ने दोपहिया-चारपहिया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम और आभूषण बुक करा लिए थे। रविवार को शुभ मुहूर्त में ग्राहक अपनी पसंद के सामान की डिलीवरी लेने पहुंचे। दोपहर बाद बाजार में ग्राहकी ने जोर पकड़ा, जो देर रात तक जारी रही। व्यापारियों ने भी अच्छे कारोबार की उम्मीद में प्रतिष्ठानों को सजाया था। ग्राहकों ने अपने बजट और जरूरत के अनुसार खरीदारी की। शोरूमों पर भी दिनभर भीड़ बनी रही। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में एलईडी की मांग सबसे ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में एलईडी की सबसे ज्यादा मांग रही। इसके अलावा वॉशिंग मशीन, फ्रिज और मोबाइल की भी अच्छी बिक्री हुई। ई स्क्वायर प्लाजा के मनीष मारू ने बताया कि पुष्य नक्षत्र पर बाजार को अच्छी शुरुआत मिली है। एलईडी और वॉशिंग मशीन की मांग सबसे ज्यादा रही। नए मॉडल और डिजाइनर फ्रिज को लेकर भी ग्राहकों ने पूछताछ की। उन्होंने धनतेरस और दीपावली पर कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद जताई। वाहन शोरूम पर सुबह से रही भीड़ ऑटोमोबाइल सेक्टर में सबसे ज्यादा चहल-पहल रही। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पहले से बुकिंग करा चुके ग्राहक सुबह से ही शोरूम पहुंचने लगे थे। शुभ मुहूर्त में सैकड़ों दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई। शोरूम संचालकों के अनुसार, पहले से की गई बुकिंग के चलते ग्राहकों ने मुहूर्त में वाहनों की डिलीवरी ली। धनतेरस के लिए भी लोगों ने वाहनों की बुकिंग कराई है। सराफा और बर्तन बाजार में भी खरीदारी पुष्य नक्षत्र पर सराफा बाजार में भी ग्राहकी बनी रही। पहले से आभूषण बुक कराने वाले ग्राहक शुभ मुहूर्त में डिलीवरी लेने पहुंचे। इसके अलावा लोगों ने अपने बजट के अनुसार सोने के ईयररिंग, मंगलसूत्र, चेन, हार, अंगूठी और पायजेब की खरीदारी की। बर्तन बाजार में भी दोपहर बाद ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी। लोगों ने जरूरत के अनुसार बर्तनों की खरीदारी की। शाम तक दुकानों पर ग्राहकी बनी रही। व्यापारियों का कहना है कि धनतेरस और दीपावली पर बर्तनों की मांग में और तेजी आने की उम्मीद है।

Nov 2, 2026 - 08:22
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0