रेलवे परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ाने में जुटे सांसद सुधीर गुप्ता संसदीय स्थायी समिति की बैठक में अधिकारियों से की समीक्षा, विकास कार्य समय-सीमा में पूरे करने पर दिया जोर
नई दिल्ली। रेलवे की विकास परियोजनाओं में तेजी लाने और देशभर में रेल सुविधाओं का विस्तार करने के मुद्दे पर मंदसौर-जावरा सांसद सुधीर गुप्ता ने नई दिल्ली में रेलवे अधिकारियों के साथ मंथन किया। रेलवे संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए नई रेल लाइनों से लेकर रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण तक चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और उनके लाभ आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने नई रेल लाइनों के निर्माण, मौजूदा रेल मार्गों के दोहरीकरण, रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज, स्टेशनों के उन्नयन, नई उत्पादन इकाइयों की स्थापना तथा रेलवे कार्यशालाओं के विकास की जानकारी प्रस्तुत की। सांसद गुप्ता ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गति और उनके पूरा होने की समय-सीमा को लेकर चर्चा की। साथ ही इन कार्यों से यात्रियों और आमजन को मिलने वाली सुविधाओं पर भी विचार किया। गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नई रेल लाइनें, विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनें, अमृत भारत स्टेशन योजना और सुरक्षा व्यवस्था में तकनीकी सुधार इसी दिशा में किए जा रहे प्रयास हैं। रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय परिवहन व्यवस्था बनाने के लिए बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे परियोजनाओं की नियमित समीक्षा और संसदीय समिति की निगरानी से विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलती है। देश के प्रत्येक क्षेत्र तक बेहतर रेल कनेक्टिविटी पहुंचाने और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए परियोजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

