शादी का झांसा, होटल में संबंध और वीडियो वायरल करने की धमकी; युवती से 15 लाख के जेवर ऐंठे, आरोपी गिरफ्तार

मंदसौर। सोशल मीडिया पर युवती से दोस्ती कर शादी का झांसा देने, होटल में ले जाकर संबंध बनाने और बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपए के सोने के जेवर लेने के मामले में वायडी नगर पुलिस ने राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर युवती से लिए गए करीब 15 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवर शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुद ही होटल संचालक बनकर युवती को ब्लैकमेल करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार मंदसौर निवासी युवती ने 18 जुलाई को परिजनों के साथ वायडी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। युवती की सोशल मीडिया पर राजवीर नाम की आईडी से दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसके बाद राजवीर मंदसौर आया और युवती को होटल में बुलाकर शादी का झांसा दिया। आरोप है कि होटल के कमरे में उसने युवती की बिना सहमति के शारीरिक संबंध बनाए। कुछ दिन बाद आरोपी ने युवती को बताया कि होटल में दोनों के बीच बने संबंध का वीडियो होटल संचालक के पास है। उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपए और सोने के जेवर की मांग की। वीडियो वायरल होने के डर से युवती ने घर में रखे सोने के जेवर आरोपी को दे दिए। आरोपी ने युवती से कहा था कि ये जेवर होटल संचालक को देने हैं। जांच में सामने आई असली पहचान शिकायत के बाद वायडी नगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच के आधार पर पुलिस ने राजवीर की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि राजवीर नाम से सोशल मीडिया पर पहचान बनाने वाला युवक गोपाराम उर्फ गोपाल उर्फ राजवीर पिता सवाराम देवासी (28), निवासी रेबारियों का वास, कानाकोलर, थाना शिवगंज, जिला सिरोही, राजस्थान है। सूरत की हीरा फैक्टरी में कर रहा था काम पुलिस को पता चला कि आरोपी वर्तमान में गुजरात के सूरत के कतरगाम क्षेत्र में रहकर हीरे की फैक्टरी में काम कर रहा है। पुलिस टीम सूरत पहुंची और साइबर तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने युवती को खुद ही होटल संचालक बनकर वीडियो वायरल करने का डर दिखाने और ब्लैकमेल करने की बात स्वीकार की। राजस्थान से बरामद किए 15 लाख के जेवर पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर राजस्थान के कानाकोलर गांव पहुंचकर जेवर बरामद किए। इसमें सोने की चार चूड़ियां, चार अंगूठियां, गले के पांच मांदलिया, एक सोने का हार, एक मंगलसूत्र, एक सोने की चेन और एक जोड़ी कान की झुमकियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद जेवर की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपए है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती कर विश्वास कायम किया और फिर शादी का झांसा देकर उसे होटल ले गया। इसके बाद वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर जेवर हासिल किए। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। कार्रवाई में वायडी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवांशु मालवीय के साथ सहायक उप निरीक्षक जगदीश ठाकुर, प्रधान आरक्षक मनीष लबाना, प्रधान आरक्षक अरविन्द पुरोहित, आरक्षक राजेन्द्र मेघवाल, आरक्षक दीपक सुथार तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक आशीष बैरागी, प्रधान आरक्षक मुजफ्फरउद्दीन और आरक्षक मनीष बघेल की भूमिका रही।

Aug 18, 2026 - 22:21
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0