तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पिता-पुत्री को मारी टक्कर, पिता गंभीर; चालक वाहन सहित फरार
मंदसौर। डिगांव के पास मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्री को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पिता के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि एक हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है। बेटी के हाथ, पैर और चेहरे पर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। राहगीर ने दोनों घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पिता की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उदयपुर रेफर किया गया। पुलिस ने फरार वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गुर्जरबर्डिया निवासी महेश सेन (50) अपनी बेटी सलोनी (19) के साथ मोटरसाइकिल से किराने का सामान लेने मंदसौर आ रहे थे। इसी दौरान डिगांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्री सड़क पर जा गिरे और घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे समरथ गुर्जर ने उन्हें देखा और अपने निजी वाहन से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया। महेश सेन के सिर में गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों ने उनके सिर पर 20 से अधिक टांके लगाए। इसके अलावा एक हाथ और एक पैर में फ्रैक्चर हुआ है। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं सलोनी के हाथ, पैर और चेहरे पर चोटें आई हैं। उसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। इधर, टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

