ब्राउन शुगर, एमडीएमए और डोडाचूरा के साथ तीन गिरफ्तार, 12.90 लाख का नशा जब्त भानपुरा पुलिस की कार्रवाई; तालाब किनारे घेराबंदी कर पकड़े आरोपी, बिना नंबर की बाइक भी जब्त, एक आरोपी फरार

मंदसौर। भानपुरा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 480 ग्राम ब्राउन शुगर, 780 ग्राम एमडीएमए और 5 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत पुलिस ने 12 लाख 90 हजार रुपए बताई है। मामले में पुलिस ने दो पुरुषों और एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया गया है। आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की होंडा सीडी 110 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को थाना भानपुरा पर मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो पुरुष और एक महिला बिना नंबर की काले रंग की होंडा सीडी 110 मोटरसाइकिल से भवानीमंडी, राजस्थान की ओर से आ रहे हैं। उनके पास ब्राउन शुगर, एमडीएमए और डोडाचूरा होने की सूचना थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भैसोदा से भैसोदामंडी के बीच तालाब के किनारे आमरोड पर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली तो उस पर सवार पुरनसिंह, सत्यनारायण बैरागी और चंद्रकला बैरागी के कब्जे से 480 ग्राम ब्राउन शुगर, 780 ग्राम एमडीएमए और 5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों को मौके से गिरफ्तार कर मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुरन सिंह पिता गुमान सिंह (33), निवासी जगदी, थाना सुवासरा; सत्यनारायण पिता बालुदास बैरागी (38) और चंद्रकला पति सत्यनारायण बैरागी (34), दोनों निवासी जगदी, थाना सुवासरा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में गोकुल सिंह पिता शिवसिंह, निवासी जगदी, थाना सुवासरा को फरार आरोपी बनाया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। तीनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना भानपुरा में धारा 8/15, 21 और 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ब्राउन शुगर, एमडीएमए और डोडाचूरा के स्रोत तथा इसकी सप्लाई से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने 12 लाख 90 हजार रुपए कीमत के मादक पदार्थ के अलावा करीब 70 हजार रुपए कीमत की बिना नंबर की होंडा सीडी 110 मोटरसाइकिल भी जब्त की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुन्देला, उप निरीक्षक धर्मेश यादव और पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।

Aug 23, 2026 - 08:23
 0  2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0