हाईवे पर डोडाचूरा तस्कर दबोचा, पुलिस देखकर भागा, 23.4 किलो मादक पदार्थ जब्त
पिपलिया स्टेशन, 4 अगस्त। मल्हारगढ़ थाना पुलिस ने हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को 23 किलो 400 ग्राम अवैध डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार बीती रात महू-नीमच हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान चंगेरी फंटे के पास एक युवक कंधे और हाथ में बैग लिए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजय सिंह उर्फ देवी सिंह (33) पिता सवाई सिंह राठौड़ निवासी कोटेचो का वास, भुन्दाना, थाना पिपाड़ सिटी, जिला जोधपुर (राजस्थान) बताया। तलाशी लेने पर उसके दोनों बैगों से डोडाचूरा बरामद हुआ। तौलने पर इसकी मात्रा 23 किलो 400 ग्राम पाई गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह डोडाचूरा कहां से लेकर आया था, इसे किसे सप्लाई करने वाला था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

