महिपालसिंह मकराना जेल से रिहा, पुलिस वाहन से राजस्थान बॉर्डर तक छोड़ा
रतलाम। श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपालसिंह मकराना को गुरुवार सुबह 8:20 बजे जेल से रिहा कर दिया गया। पुलिस अपने वाहन से उन्हें राजस्थान बॉर्डर तक छोड़ने गई। हालांकि, उनके साथ गिरफ्तार किए गए 49 कार्यकर्ता अभी जेल में हैं। मकराना को 50 हजार रुपए के मुचलके पर सशर्त जमानत मिली है। यूजीसी के नए कानून के विरोध में महिपालसिंह मकराना रतलाम से भोपाल तक स्वर्ण न्याय पैदल यात्रा निकालने वाले थे। इसी सिलसिले में वे बुधवार को रतलाम पहुंचे थे। करणी सेना के कार्यकर्ताओं के साथ उन्हें शहर के राजपूत बोर्डिंग से यात्रा शुरू करनी थी। बिना अनुमति बैठक करने और यात्रा की तैयारी के चलते पुलिस ने मकराना सहित कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को दिनभर सैलाना थाने में बैठाए रखने के बाद देर शाम गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। रात करीब 2 बजे तक चली कार्रवाई के बाद मकराना के वकील ने मजिस्ट्रेट के समक्ष जमानत आवेदन पेश किया। सुनवाई के बाद 50 हजार रुपए के मुचलके पर उन्हें सशर्त जमानत मंजूर की गई। गुरुवार सुबह जेल से रिहाई के बाद पुलिस उन्हें राजस्थान बॉर्डर तक छोड़ने पहुंची। जीवनसिंह शेरपुर ने दी थी चक्काजाम की चेतावनी करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवनसिंह शेरपुर ने महिपालसिंह मकराना को गुरुवार दोपहर 12 बजे तक रिहा नहीं करने पर समर्थकों से रतलाम पहुंचने का आह्वान किया था। उन्होंने प्रदेशभर में चक्काजाम करने की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद देर रात मकराना की रिहाई का आदेश जारी हुआ। हालांकि, जीवनसिंह शेरपुर रिहाई के बाद भी समर्थकों के साथ रतलाम पहुंचेंगे। एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया कि राजपूत बोर्डिंग के पास अवैध रूप से जमावड़ा हुआ था। इस मामले में 48 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। महिपालसिंह मकराना को नियमानुसार 50 हजार रुपए के मुचलके पर जमानत मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

