लहसुन मंडी पहुंचे कलेक्टर, किसानों से सीधे संवाद; शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
किसानों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने और कृषि उपज मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने गुरुवार को मंदसौर कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी की नीलामी व्यवस्था, भुगतान प्रक्रिया और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की हकीकत परखी। किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। कलेक्टर ने मंडी परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण करते हुए मंडी संचालन की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने लहसुन लेकर पहुंचे किसानों से चर्चा कर नीलामी व्यवस्था, फसल के भाव और मंडी में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही लहसुन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव कलेक्टर के समक्ष रखे। इस पर कलेक्टर ने मौके पर मौजूद एसडीएम शुभम पाटीदार को निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए और मंडी में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने व्यापारियों की दुकानों पर पहुंचकर किसानों को किए जा रहे भुगतान की प्रक्रिया की भी जानकारी ली और पारदर्शी एवं समयबद्ध भुगतान व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने मंडी में बिक्री के लिए लाई गई सोयाबीन फसल का निरीक्षण किया तथा सोयाबीन उत्पादक किसानों से भी चर्चा कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को जाना। निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने मंडी कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर मंडी संचालन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मंडी में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम शुभम पाटीदार सहित मंडी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

