नशे के नेटवर्क पर अफजलपुर पुलिस की कार्यवाही 62.840 किलो डोडाचूरा के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्कर गिरफ्तार
मंदसौर जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अफजलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 62 किलो 840 ग्राम अवैध डोडाचूरा के साथ अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह की महिलाएं समूह बनाकर मादक पदार्थ लेने जाती थीं और पुलिस व अन्य एजेंसियों के शक से बचने के लिए कई बार दूधमुंहे बच्चों को भी साथ ले जाती थीं। पुलिस अब गिरोह के सप्लायर, खरीदार और अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में अफजलपुर थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला और एक पुरुष बड़ी मात्रा में डोडाचूरा लेकर कमालपुरा फंटा, ग्राम बिलात्री से किसी बाहरी तस्कर को सप्लाई करने जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर एक महिला और एक पुरुष को रोकने का प्रयास किया। दोनों पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम कादु उर्फ राधाबाई (48) पत्नी आशाराम तथा पुरुष ने अपना नाम आशाराम उर्फ गंभीर (52) पिता चितामणी, निवासी प्रताप वार्ड, गांधी नगर, भोपाल बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से विमल का थैला, लाल रंग का बैग, धारियों वाला झोला और एक प्लास्टिक के कट्टे में रखा कुल 62 किलो 840 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका गिरोह महिलाओं के समूह के माध्यम से मादक पदार्थ की तस्करी करता है। संदेह से बचने के लिए कई बार दूधमुंहे बच्चों को भी साथ रखा जाता था। गिरोह मध्यप्रदेश से गुजरात और राजस्थान तक अवैध मादक पदार्थ की आपूर्ति करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े सप्लायर, खरीदार और अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं अफजलपुर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के बाद अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

