डोराना में गैस की कालाबाजारी पर बड़ा शिकंजा, खेत के बाड़े से 33 घरेलू सिलेंडर जब्त
मंदसौर, 4 अगस्त। जिले में घरेलू गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम डोराना में एक खेत के बाड़े से 33 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद व्यक्ति सिलेंडरों के भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने सभी सिलेंडर जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला आपूर्ति अधिकारी नारायण सिंह चंद्रावत ने बताया कि खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम डोराना में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही विभागीय टीम ने तत्काल ग्राम डोराना निवासी सत्यनारायण पिता भगीरथ सोलंकी के खेत पर बने बाड़े में औचक छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान बाड़े से कुल 33 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। जांच के दौरान संबंधित व्यक्ति से सिलेंडरों के भंडारण के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैधानिक अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद सभी सिलेंडरों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। खाद्य विभाग ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। विभाग का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह कार्रवाई जिला आपूर्ति अधिकारी नारायण सिंह चंद्रावत, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रघुराज सिंह डोडिया तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आराधना खड़िया की संयुक्त टीम ने नई आबादी थाना पुलिस के सहयोग से की। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अनियमित वितरण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

