रक्षाबंधन से पहले नवविवाहिता ने लगाया फंदा, शादी के चार माह बाद मौत से मचा कोहराम
पिपलिया स्टेशन, 4 अगस्त। पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम धाकड़ी में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। शादी के महज चार माह बाद 19 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पिपलिया मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मंदसौर भिजवाया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान आशा (19) पत्नी राकेश नायक के रूप में हुई है। आशा का मायका रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र के ग्राम माल्याखेड़ा में था। करीब चार माह पूर्व उसकी राकेश नायक से कोर्ट मैरिज हुई थी, जिसके बाद दोनों ग्राम धाकड़ी में रह रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय आशा घर के एक कमरे में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा तो वह फंदे पर लटकी हुई मिली। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए जिला अस्पताल मंदसौर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद मायके पक्ष शव को अपने साथ ग्राम माल्याखेड़ा ले गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया। घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न चर्चाएं हैं। प्रारंभिक स्तर पर यह बात सामने आई है कि रक्षाबंधन के अवसर पर मायके जाने की इच्छा को लेकर परिवार में किसी प्रकार का विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और स्पष्ट किया है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पिपलिया मंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मृतका के मायके एवं ससुराल पक्ष सहित संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

