बाड़े में घुसा जंगली जानवर, 6 बकरियों की मौत; दो को उठा ले गया हासली गांव में सुबह-सुबह हमला, 4 बकरियां घायल; हाइना के झुंड की आशंका से ग्रामीणों में दहशत
मंदसौर। जिले के ग्राम हासली में बुधवार सुबह जंगली जानवर ने किसान के बाड़े में बंधी बकरियों पर हमला कर दिया। हमले में छह बकरियों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हैं। दो बकरियों को जंगली जानवर उठाकर ले गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और जंगली जानवर की पहचान कर उसे पकड़ने की मांग की है। किसान नैन सिंह गुर्जर की बकरियां गांव के बाड़े में बंधी थीं। बुधवार सुबह जब वे बाड़े में पहुंचे तो कई बकरियां मृत पड़ी थीं, जबकि कुछ घायल हालत में मिलीं। उन्होंने तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। नई आबादी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और हमले के निशान तलाशे, लेकिन जंगली जानवर के स्पष्ट पदचिह्न नहीं मिले। वनपाल नरेंद्र मालवीय के अनुसार, शुरुआती जांच में हमला किसी बड़े जंगली जानवर का प्रतीत हो रहा है। क्षेत्र में हाइना देखे जाने की जानकारी मिली है, जबकि तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग के अनुसार तेंदुआ आमतौर पर शिकार को उसी स्थान पर खाता है, जबकि हाइना शिकार को उठाकर दूसरी जगह ले जा सकता है। दो बकरियों को उठाकर ले जाने के कारण फिलहाल हाइना के हमले की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने यह संभावना भी जताई है कि दो-तीन हाइना ने मिलकर बकरियों पर हमला किया हो। घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। टीम संभावित आवागमन वाले स्थानों पर जंगली जानवर के निशान तलाश रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बकरियों पर हमला हाइना ने किया या तेंदुए ने। इधर, घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली जानवर की पहचान कर उसे पकड़ने तथा क्षेत्र में निगरानी और बढ़ाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

