कॉलेज में दूसरे दिन फिर निकला सांप, मची हलचल; सर्प मित्र ने किया रेस्क्यू एक दिन पहले दिखी थी कोबरा नागिन, बारिश में बिलों में पानी भरने से सुरक्षित ठिकाने की तलाश में निकल रहे सांप

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पंडित अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय महाविद्यालय पिपलिया के परिसर में गुरुवार सुबह एक बार फिर सांप दिखाई देने से हलचल मच गई। सांप नजर आते ही कॉलेज प्रबंधन ने तत्काल सर्प मित्र गणेश सालवी को सूचना दी। सूचना मिलते ही सालवी मौके पर पहुंचे और सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया। उल्लेखनीय है कि बुधवार को भी कॉलेज परिसर में कोबरा नागिन दिखाई दी थी, जिसे सर्प मित्र ने सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया था। लगातार दूसरे दिन सांप दिखाई देने से कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों और स्टाफ के बीच हलचल रही। सर्प मित्र गणेश सालवी ने बताया कि बारिश के मौसम में सांपों के बिलों में पानी भर जाने के कारण वे सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में बाहर निकलते हैं। इसी दौरान वे कई बार घरों, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों सहित आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं, जिससे सांप दिखाई देने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार का सांप दिखाई देने पर उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें। सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल सर्प मित्र या प्रशिक्षित विशेषज्ञ को सूचना दें, ताकि सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा जा सके।

Sep 4, 2026 - 07:55
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0