कथा के दौरान गोली मारने की धमकी! पंडित कमल किशोर नागर को कथित धमकी भरा पत्र मिलने से हड़कंप
मंदसौर। झाबुआ जिले की शबरी गौशाला में सुवासरा के कथावाचक पंडित कमल किशोर नागर के पहुंचने के दौरान साल-श्रीफल के साथ कथित धमकी भरा पत्र मिलने की जानकारी सामने आई है। पत्र में उन्हें आदिवासियों को सुधारने का प्रयास नहीं करने की चेतावनी देते हुए दावा किया गया है कि उनके इस प्रयास से कुछ लोगों का धंधा खराब हो रहा है। पत्र में कथित तौर पर कथा के दौरान कहीं भी गोली मारकर खत्म करने की धमकी दी गई है। धमकी भरे पत्र की जानकारी सामने आने के बाद सुवासरा नगर में चिंता का माहौल है। घटना को लेकर नगरवासी गंभीरता से जांच और कथावाचक की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम नगरवासियों की ओर से थाना सुवासरा में ज्ञापन दिया जाएगा। इसमें मामले की जांच कराने के साथ पंडित कमल किशोर नागर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी पत्र की वास्तविकता फिलहाल धमकी भरे पत्र की वास्तविकता और इसे लिखने वाले व्यक्ति अथवा इसके पीछे किसी अन्य की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पत्र वास्तविक है या किसी ने भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से इसे रखा है। पुलिस पत्र की भाषा, उसे भेजने अथवा पहुंचाने के तरीके और अन्य तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। घटना की जानकारी सामने आने के बाद नगरवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि धमकी को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

