फीस बढ़ोतरी के विरोध में रातभर डटे छात्र, नपाध्यक्ष ने सात दिन में समाधान का दिया भरोसा
मंदसौर। जवाहरलाल नेहरू लॉ कॉलेज में फीस बढ़ोतरी के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन सोमवार सुबह से मंगलवार सुबह तक जारी रहा। 13 हजार रुपए की फीस बढ़ाकर 25 हजार किए जाने से नाराज छात्र रातभर कॉलेज गेट के बाहर डटे रहे। देर रात करीब 2 बजे तक कुछ छात्र नारेबाजी करते रहे, जबकि कुछ वहीं सो गए। मंगलवार तड़के नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर और कॉलेज प्राचार्य डॉ. विनोद पाटीदार मौके पर पहुंचे। दोनों ने छात्रों से चर्चा कर समस्या के समाधान के लिए सात दिन का समय दिया। आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया। इससे पहले सोमवार को छात्रों ने कॉलेज गेट पर धरना शुरू किया था। दोपहर में कोई जिम्मेदार अधिकारी बातचीत के लिए नहीं पहुंचा तो छात्र सड़क पर बैठ गए, जिससे कुछ देर यातायात बाधित रहा। छात्रों ने फीस कम करने की मांग को लेकर कॉलेज प्रबंधन और शासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2024-25 में फीस करीब 13 हजार रुपए थी, जो सत्र 2026-27 में बढ़कर 25 हजार रुपए हो गई। उनका कहना है कि अचानक फीस बढ़ने से मध्यमवर्गीय और किसान परिवारों के विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। छात्र दुर्गा शंकर ने बताया कि प्रवेश के समय फीस बढ़ोतरी की जानकारी नहीं दी गई थी। छात्रों ने कहा कि सात दिन में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन फिर शुरू किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

