मंदसौर स्टेशन पर विकास कार्यों में तेजी के निर्देश, बाहर जाम-पार्किंग समस्या के समाधान के लिए बनेगी संयुक्त कार्ययोजना सांसद सुधीर गुप्ता ने अमृत भारत योजना के कार्यों की समीक्षा की; फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और प्लेटफॉर्म-2 पर नए रास्ते के प्रस्ताव पर चर्चा

मंदसौर। सांसद सुधीर गुप्ता ने बुधवार को अमृत भारत योजना के तहत मंदसौर रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सांसद गुप्ता ने निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज और लिफ्ट की तैयारियों को लेकर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा से जुड़े इन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाना जरूरी है। उन्होंने कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए प्लेटफॉर्म नंबर दो पर यात्रियों के आवागमन के लिए नया रास्ता तैयार करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि स्टेशन पर लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं की कार्ययोजना अभी से तैयार की जानी चाहिए। इसके बाद सांसद ने रेलवे अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जाम और पार्किंग की समस्या के लिए बनेगी संयुक्त कार्ययोजना: स्टेशन के बाहर लगातार लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को लेकर सांसद ने आरपीएफ, रेलवे अधिकारियों और स्थानीय यातायात पुलिस के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्टेशन के बाहर जाम के कारण यात्रियों और आम नागरिकों को परेशानी होती है। इसका स्थायी समाधान निकालने के लिए व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर उसे जल्द लागू किया जाना चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक स्वीकृति प्राप्त की जाएगी। इसके बाद कार्ययोजना के अनुसार काम शुरू किया जाएगा। सांसद गुप्ता ने इस संबंध में डीआरएम से फोन पर भी चर्चा की और यात्रियों को जाम तथा अव्यवस्थित पार्किंग से जल्द राहत दिलाने के लिए प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने की बात कही। भविष्य की सुविधाओं पर भी चर्चा: सांसद ने कहा कि मंदसौर रेलवे स्टेशन को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए सभी संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। यात्रियों की सुविधा से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर रेलवे के डीईएन (उत्तर), एसीएम इंदौर वसंत नायर, आरटीएम विक्रम सिंह चौधरी, सांसद प्रतिनिधि राजदीप परवाल, मंडल अध्यक्ष अरविंद सारस्वत, विनोद डगवार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राम कोटवानी, विक्रम सम्राट, संजय राठौर, पार्षद प्रतिनिधि अनूप माहेश्वरी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Sep 10, 2026 - 07:54
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0