पिकअप हटाने की बात पर विवाद, हम्मालों ने ड्रायवर के सिर पर पत्थर मारा बीच-बचाव करने आए किसान से भी मारपीट, गंभीर चोट के चलते ड्रायवर मंदसौर रेफर
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। कृषि उपज मंडी में पिकअप वाहन हटाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दो हम्मालों ने ड्रायवर के सिर के पीछे पत्थर से वार कर उसे घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे किसान के साथ भी मारपीट की गई। घायल ड्रायवर को पिपलियामंडी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर चोट के चलते उसे मंदसौर अस्पताल रेफर किया गया। किसान की रिपोर्ट पर पिपलियामंडी पुलिस ने दोनों हम्मालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में ग्राम जलोद संजर, थाना भाटपचलाना, जिला उज्जैन निवासी किसान ने बताया कि वह खेती करता है। वह अपने परिचित ड्रायवर सरदार सिंह पिता मान सिंह देवड़ा, निवासी अजड़ावदा, थाना भाटपचलाना, जिला उज्जैन की पिकअप में लहसुन भरकर बेचने के लिए पिपलियामंडी आया था। फरियादी के अनुसार रात करीब 9.30 बजे पिकअप वाहन मंडी के अंदर प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान पिकअप के सामने से हटने की बात को लेकर ड्रायवर सरदार सिंह की जीवन नामक हम्माल से कहासुनी हो गई। हालांकि उस समय विवाद शांत हो गया और पिकअप मंडी के अंदर चली गई। इसके बाद दोनों ने खाना खाया। रात करीब 12.30 बजे वे बालाजी मंदिर की तरफ सोने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जीवन और मंगल सिंह दोनों हम्माल वहां पहुंचे और सरदार सिंह से विवाद करने लगे। आरोप है कि दोनों ने सरदार सिंह के साथ यह कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी कि वह ज्यादा तेज चल रहा है। आरोप है कि इसी दौरान जीवन ने पास में पड़ा पत्थर उठाकर सरदार सिंह के सिर के पीछे की ओर मार दिया। पत्थर लगने से सरदार सिंह के सिर में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। किसान जब बीच-बचाव करने पहुंचा तो मंगल सिंह ने उसके साथ मारपीट कर धक्का दे दिया। इससे वह नीचे गिर गया और उसके बाएं हाथ की कोहनी में चोट लग गई। घटना के बाद घायल सरदार सिंह को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पिपलियामंडी ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोट के चलते उसे मंदसौर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने किसान की रिपोर्ट पर जीवन और मंगल सिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

