एमडी ड्रग और 4.7 किलो डोडाचूरा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार नई आबादी पुलिस की कार्रवाई; 70 हजार रुपए की बाइक और दो मोबाइल भी जब्त, एक आरोपी फरार
मंदसौर। सिंथेटिक ड्रग्स और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नई आबादी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम एमडी ड्रग और 4.7 किलोग्राम डोडाचूरा सहित करीब 90 हजार रुपए कीमत की अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में एक आरोपी फरार बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को नई आबादी थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से मादक पदार्थों की तस्करी संबंधी सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मोईन पिता इरफान मेवाती (21), निवासी खानपुरा, मंदसौर और शेरु पिता युनुस खान (21), निवासी नारायण नगर, खानपुरा, मंदसौर को पकड़ा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम एमडी ड्रग और 4.7 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। इसके अलावा एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 14 जेडए 1036, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपए है, तथा वीवो और ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है, जब्त किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 159/26 के तहत धारा 8/15, 22 और 29 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में मजीद खान पिता इफ्तिकार खान, निवासी काजी चौक, मंदसौर को फरार आरोपी बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
कार्रवाई नई आबादी थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई। इसमें थाना नई आबादी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस के अनुसार जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।