दीपों की रोशनी से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, पशुपतिनाथ लोक में जलेंगे 51 हजार से अधिक दीप
मंदसौर, 16 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में सेवा संकल्प अभियान-2026 आयोजित किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलन, स्वच्छता अभियान और रक्तदान शिविरों के साथ जनभागीदारी के माध्यम से होगा। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देशन में आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 17 सितंबर की शाम पशुपतिनाथ लोक 51 हजार से अधिक दीपों से जगमगाएगा। वहीं सुबह शिवना नदी के घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों के साथ नागरिक भी भाग लेंगे। सायं 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके तहत नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में न्यूनतम 1000, नगर पालिका के प्रत्येक वार्ड में 500 और नगर परिषद के प्रत्येक वार्ड में 250 दीप जलाए जाएंगे। ग्राम पंचायतों के प्रमुख सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को विशेष रोशनी से सजाया जाएगा। कार्यक्रम में नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। रक्तदान शिविरों से जरूरतमंदों को मिलेगा रक्त अभियान के दौरान आयोजित रक्तदान शिविरों के माध्यम से एनीमिया से पीड़ित माताओं और गंभीर रोगियों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। अभियान में प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि और लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों को भी जोड़ा जाएगा। हितग्राही परिवारों के घरों और बस्तियों में दीप प्रज्ज्वलन के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा। अलग-अलग कार्यक्रमों की जिम्मेदारी तय अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित पर्यवेक्षण के लिए कलेक्टर ने विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नोडल एवं सहयोगी अधिकारी नियुक्त किए हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ के लिए सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी नोडल अधिकारी रहेंगे। पशुपतिनाथ मंदिर परिसर एवं लोक में वृहद दीप प्रज्ज्वलन के लिए एसडीएम मंदसौर शुभम पाटीदार नोडल अधिकारी तथा पशुपतिनाथ प्रबंध समिति के प्रबंधक राहुल रुनवाल सहयोगी अधिकारी रहेंगे। ‘बच्चों के सपनों का भारत’ के लिए पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जे.एस. दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट एवं परियोजना समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान अनिल पटेल नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। ‘नमो सेवा गाथा’ के लिए शासकीय संगीत महाविद्यालय की प्राचार्य ऊषा अग्रवाल एवं जिला समन्वयक जन अभियान परिषद तृप्ति बैरागी नोडल अधिकारी रहेंगी। ‘आंगन का उत्सव’ के लिए सीएमएचओ आरके द्विवेदी तथा महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या, ‘कहानी बदलाव की’ के लिए डिप्टी कलेक्टर रोहित राणावत और ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रभावशाली संपर्क’ के लिए डिप्टी कलेक्टर शुभम गुर्जर नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ के लिए सभी एसडीएम नोडल अधिकारी रहेंगे। ‘रंगोली राष्ट्र भारत मंडल’ के लिए महिला एवं बाल विकास अधिकारी अंकिता पंड्या तथा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से संसद’ के लिए अपर कलेक्टर एकता जायसवाल नोडल अधिकारी रहेंगी। ‘वडनगर-वाराणसी जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ के लिए भी सभी एसडीएम नोडल अधिकारी रहेंगे। संपूर्ण अभियान के नोडल अधिकारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन तथा सहायक नोडल अधिकारी जिला परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण प्रीति संघवी रहेंगी। मुख्यमंत्री ने की विकसित भारत की यात्रा में सहभागी बनने की अपील मंदसौर, 16 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की अविरल सेवा-संकल्प की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में ‘सेवा-संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक इस महाअभियान से जुड़कर ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की यात्रा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा-संकल्प की यात्रा और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

