मकान बेचने के पैसों के लालच में भाई-पत्नी ने साले के साथ मिलकर की हत्या ईस्माईल उर्फ भुरा हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, शव सुनसान जगह फेंककर भाई खुद पहुंचा था थाने
मंदसौर। नई आबादी थाना पुलिस ने मदारपुरा निवासी ईस्माईल उर्फ भुरा की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके भाई और पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मकान बेचने से मिलने वाले पैसों को लेकर विवाद और पारिवारिक कलह के चलते भाई, पत्नी और साले ने मिलकर ईस्माईल की हत्या की थी। हत्या के बाद शव को खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया। पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक का भाई स्वयं फरियादी बनकर थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में शामिल साला फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को मोहम्मद ईशाक निवासी मदारपुरा ने सूचना दी थी कि उसका भाई ईस्माईल उर्फ भुरा (32) खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड पर अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर डायल-112 की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित साक्ष्य मिटाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और घटनास्थल के भौतिक सत्यापन के साथ मृतक के भाई से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भाई मकान बेचना चाहता था, लेकिन ईस्माईल इसकी सहमति नहीं दे रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद था। दूसरी ओर मृतक की पत्नी मुस्कान भी पति के शराब पीकर आए दिन झगड़ा और मारपीट करने से परेशान थी। पुलिस के मुताबिक मकान बेचने से मिलने वाले पैसों के लालच और पारिवारिक विवाद के चलते तीनों आरोपियों ने मिलकर ईस्माईल के सिर पर डंडे से वार किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को घटनास्थल से हटाकर खिलचीपुरा-नालछा माता मंदिर रोड के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया। मामले को दुर्घटना या सामान्य मौत का रूप देने के लिए भाई स्वयं थाने पहुंचकर फरियादी बन गया। पुलिस ने जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ईशाक और मृतक की पत्नी मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में शामिल शाकिर पिता बब्बू खां मेव निवासी नई फतेहगढ़, जिला मंदसौर फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद ईशाक पिता अलीमुद्दीन मेव, उम्र 30 वर्ष, निवासी मदारपुरा, थाना कोतवाली, मंदसौर तथा मुस्कान पति ईस्माईल मेवाती, उम्र 24 वर्ष, निवासी मदारपुरा, थाना कोतवाली, मंदसौर शामिल हैं। कार्रवाई में नई आबादी थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीपसिंह राठौर और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

