25 हजार का इनामी प्रकाश आंजना मंदसौर से गिरफ्तार भीलवाड़ा की अवैध एमडी फैक्ट्री के मामले में 3 महीने से था फरार, ढाबे पर दोस्तों के साथ बैठा मिला

मंदसौर। राजस्थान पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी कार्य बल ने भीलवाड़ा में अवैध एमडी फैक्ट्री मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी प्रकाश आंजना (37) को मंदसौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। पुलिस के अनुसार प्रकाश इस मामले में गिरफ्तार किया गया चौथा मुख्य आरोपी है। मादक पदार्थ विरोधी कार्य बल के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार के अनुसार 16 जून 2026 को भीलवाड़ा के बिजौलिया क्षेत्र के चम्पापुर गांव के जंगल में भंवर बंजारा के मकान पर दबिश देकर अवैध एमडी फैक्ट्री का खुलासा किया गया था। कार्रवाई में 36.550 किलो गीली और सूखी एमडी के साथ बड़ी मात्रा में रसायन और उपकरण बरामद किए गए थे। पुलिस जांच में मंदसौर जिले के माल्याखेरखेड़ा निवासी प्रकाश आंजना का नाम सामने आया था। पुलिस के अनुसार वह मुख्य आरोपी सुखलाल के शराब ठेकों पर काम करता था। शराब कारोबार में घाटा होने के बाद सुखलाल ने भीलवाड़ा में एमडी बनाने की फैक्ट्री शुरू की। प्रकाश को कच्चे माल की आपूर्ति में मोटी कमाई का लालच देकर नेटवर्क से जोड़ा गया था। उसका काम फैक्ट्री के लिए कच्चा माल और अन्य सामान भीलवाड़ा पहुंचाना था। फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद प्रकाश ने मोबाइल बंद कर दिया और राजस्थान व मध्यप्रदेश में लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काटता रहा। एएनटीएफ को सूचना मिली कि वह मंदसौर के एक ढाबे पर दोस्तों के साथ बैठा है। टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रकाश ने पहचान छिपाने के लिए खुद को रामसिंह धाकड़ बताया था। हालांकि पुरानी तस्वीर के आधार पर पूछताछ करने पर उसकी वास्तविक पहचान सामने आ गई। इस मामले में एएनटीएफ पहले ही मुख्य आरोपी सुखलाल, राहुल और भारतसिंह उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। प्रकाश आंजना इस प्रकरण में गिरफ्तार किया गया चौथा मुख्य आरोपी है।

Sep 20, 2026 - 09:12
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0