ट्रक की टक्कर से मजदूरों से भरी ट्रॉली पलटी, दो की मौत छह साल की बच्ची और 45 वर्षीय महिला ने मौके पर दम तोड़ा, 18 वर्षीय युवती के दोनों पैर कटे; तीन गंभीर घायल रतलाम रेफर

दलोदा। थाना क्षेत्र में लखमा खेड़ी फंटे के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12.15 बजे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में छह साल की बच्ची और 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। कई मजदूर घायल हुए हैं। इनमें 18 वर्षीय युवती के दोनों पैर नीचे से कट गए, जबकि तीन अन्य गंभीर घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायल मजदूरों के मुताबिक, वे रतलाम जिले के रावटी और आसपास के गांवों के रहने वाले हैं और मंदसौर में रेलवे के काम में मजदूरी कर रहे थे। शनिवार रात करीब 11.30 बजे काम खत्म करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से उज्जैन के लिए निकले थे। लखमा खेड़ी फंटे के पास पीछे से आए ट्रक ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मजदूर सड़क पर जा गिरे और उनका सामान भी बिखर गया। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने बताया कि सूचना रात करीब 12.30 बजे मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ट्रॉली में करीब 20 मजदूर सवार थे। हादसे में कल्पना पिता विनोद भील (18), निवासी रानीसिंह, गंभीर रूप से घायल हुईं। उनके दोनों पैर नीचे से कट गए। उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। चार और आठ साल के दो बच्चों के पैरों में फ्रैक्चर हुआ है, उन्हें भी रतलाम भेजा गया। जिला अस्पताल में भर्ती चंचल पिता संजय भील (18) के पैर में फ्रैक्चर के साथ सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है। नीरू पिता तेर सिंह भील (14) की कमर में फ्रैक्चर है। शंकर पिता गलिया भील (26), सविता पति राहुल भील (20) और सोनू पति अब्बू लाल भील (28) का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। अन्य घायलों में राहुल (23), सुरपाल (15), लीला (26), आशा (5), गोपाल (18), मनीष (19), पूजा (10), करण (7) और पप्पूडी (30) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मृतकों की पहचान रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम लासिया निवासी बसंती पति पेरू भील (45) और ग्राम मोटूका निवासी छह वर्षीय बच्ची के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई थीं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, एसडीएम, तहसीलदार और दलोदा थाना प्रभारी सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे। अपर कलेक्टर रात करीब दो बजे जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने गंभीर घायलों के उपचार को लेकर चिकित्सकों से चर्चा की। दलोदा थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप डांगी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक और चालक की तलाश कर रही है। दो लोगों की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। घायल राहुल ने बताया कि सभी मंदसौर में रेलवे के काम के लिए मजदूरी करने आए थे और काम खत्म करने के बाद उज्जैन जा रहे थे। मजदूरों के अनुसार, अधिकांश लोग आपस में रिश्तेदार हैं। कुछ मजदूर करीब एक साल से मंदसौर में काम कर रहे थे, जबकि कुछ चार-पांच महीने और कुछ करीब एक महीने पहले यहां आए थे।

Sep 21, 2026 - 07:59
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0