नशे के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश, अवैध मादक फसलों पर निगरानी बढ़ेगी

मंदसौर। नारकोटिक्स एवं नशीली दवाओं की रोकथाम और संबंधित विभागों के बीच समन्वय को लेकर मंगलवार को कलेक्टर दिव्यांक सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर सभा कक्ष में बैठक हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक विनोद मीना, संयुक्त कलेक्टर प्रीति संघवी, जिला परिवहन अधिकारी दीपक माझी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी की प्रवृत्तियों से जुड़ी सूचनाओं के आदान-प्रदान, जिले में अफीम, भांग सहित अन्य मादक फसलों की अवैध खेती पर निगरानी और अंतरराज्यीय मामलों की जांच की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्कूल-कॉलेजों में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए सेमिनार और संगोष्ठियां आयोजित करने के निर्देश दिए। मादक फसलों की अवैध खेती से प्रभावित क्षेत्रों में एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों और नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अवैध मादक फसलों की खेती से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास कार्यक्रम लागू करने के लिए कार्ययोजना पर चर्चा हुई। मादक पदार्थों का पता लगाने के लिए आवश्यक उपकरणों की जरूरत का आकलन कर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने जिले में नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र की स्थापना के संबंध में स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की स्थिति की जानकारी ली गई। वाणिज्यिक मात्रा वाले मामलों में गिरफ्तार आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान कर संपत्ति फ्रीज कराने की कार्रवाई की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

Sep 23, 2026 - 08:18
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0