लापता बेटे की तलाश की मांग को लेकर 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा किसान डेढ़ माह से लापता है 22 वर्षीय बेटा, पुलिस की समझाइश के बाद डेढ़ घंटे में सुरक्षित नीचे उतरा

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। गांव बरखेड़ा डांगी में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किसान अपने 22 वर्षीय लापता बेटे की तलाश में पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बनाने के लिए करीब 120 फीट ऊंचे एयरटेल मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बेटे के करीब डेढ़ माह से लापता होने से परेशान किसान पहले ही नाहरगढ़ थाने से लेकर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक शिकायत कर चुका है। उसका कहना था कि आवेदन देने के बावजूद बेटे का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। जानकारी के अनुसार बरखेड़ा डांगी निवासी किसान मोहनलाल पिता नाथूलाल तेली गुरुवार शाम करीब 5 बजे एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। किसान के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम गांव पहुंची और किसान से नीचे उतरने की अपील करते हुए बातचीत शुरू की। किसान ने अपना मोबाइल बंद कर रखा था, जिससे पुलिस के लिए सीधे संपर्क करना मुश्किल हो गया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने गांव के मंदिर में लगे माइक का सहारा लिया। माइक से किसान को भरोसा दिलाया गया कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है और उसके लापता बेटे को तलाशने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। लगातार समझाइश के बाद किसान करीब 6:30 बजे टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया। बताया गया कि मोहनलाल का 22 वर्षीय बेटा सुखदेव 17 अगस्त 2026 से लापता है। बेटे की तलाश के लिए किसान ने पुलिस को आवेदन दिए हैं। उसने नाहरगढ़ थाना पुलिस के साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक को भी लिखित शिकायत देकर बेटे को तलाशने की मांग की थी। इसके बावजूद बेटे का पता नहीं चलने से वह परेशान था। ग्रामीणों के अनुसार मोहनलाल की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है और वह घर में अकेला रहता है। उसका इकलौता बेटा भी लंबे समय से लापता होने के कारण उसकी परेशानी बढ़ गई थी। इसी स्थिति में उसने टावर पर चढ़कर अपनी मांग पुलिस-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी वरुण तिवारी ने किसान से बातचीत कर उसे समझाइश दी और सुरक्षित नीचे उतारा। थाना प्रभारी ने बताया कि किसान को समझाकर नीचे उतार लिया गया है। उसके लापता बेटे की तलाश के लिए पुलिस की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।

Sep 25, 2026 - 07:55
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0