सांडों की लड़ाई में पान विक्रेता घायल, आंख के नीचे लगे पांच टांके; शामगढ़ में आवारा मवेशियों का बढ़ता आतंक सब्जी मंडी से गरोठ रोड तक सड़कों पर घूम रहे सांड, राहगीरों और वाहन चालकों में डर; नगर परिषद से तत्काल कार्रवाई की मांग
मंदसौर। शामगढ़ में आवारा सांडों का आतंक अब लोगों के लिए गंभीर परेशानी बनता जा रहा है। चौराहों और बाजारों में आए दिन सांडों की लड़ाई से राहगीरों के घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे सांडों की लड़ाई की चपेट में आने से शिवजी पान वाले घायल हो गए। सांड की टक्कर से उनकी आंख के नीचे गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल शामगढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चोट पर पांच टांके लगाए गए। स्थानीय लोगों के अनुसार शामगढ़ की सब्जी मंडी में आवारा सांडों की संख्या अधिक होने से सबसे ज्यादा परेशानी बनी हुई है। मंडी और आसपास के बाजार क्षेत्र में सांडों के झुंड घूमते रहते हैं। इनके अचानक आपस में भिड़ने पर आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिलता। सांडों की लड़ाई के दौरान राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हैं। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों के साथ दोपहिया वाहन चालकों में भी लगातार भय बना रहता है। गरोठ रोड पर भी सड़कों पर डेरा स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गरोठ रोड पर भी कई बार गाय और सांड सड़क पर ही बैठे या घूमते दिखाई देते हैं। इस मार्ग से तेज गति से बड़े वाहन और ट्रक गुजरते हैं। सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते आवारा मवेशियों को सड़क से हटाने की व्यवस्था नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। नगर परिषद से स्थायी समाधान की मांग आवारा सांडों और मवेशियों से लगातार बढ़ रही परेशानी को देखते हुए नागरिकों ने नगर परिषद शामगढ़ से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सांडों और अन्य आवारा मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। नागरिकों ने कहा कि किसी गंभीर दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय नगर परिषद को अभी से समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए, ताकि बाजार और सड़कों पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

