221 किलो डोडाचूरा से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, चालक भागा; नाबालिग अभिरक्षा में
गरोठ। गरोठ पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली से 221 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने ट्रॉली में बैठे एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया, जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। जब्त डोडाचूरे की कीमत करीब 4 लाख 42 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो मोबाइल भी जब्त किए हैं। कुल जब्ती करीब 12 लाख 62 हजार रुपए की बताई गई है। पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को सूचना मिली थी कि गोविंद पिता विष्णु, निवासी नारिया बुजुर्ग, अपने साथी के साथ बिना नंबर के पावर ट्रैक ट्रैक्टर-ट्रॉली में डोडाचूरा भरकर मोलाखेड़ी से बर्डिया अमरा की ओर जाने वाला है। सूचना पर उप निरीक्षक जसराज सिंह चंदेल ने पुलिस टीम के साथ गोपालपुरा तालाब की पाल पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद बताए हुलिए का ट्रैक्टर-ट्रॉली आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो ट्रॉली में नौ काले प्लास्टिक के कट्टे मिले। इनमें कुल 221 किलो डोडाचूरा भरा था। पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक गोविंद मौके से भाग गया। ट्रॉली में बैठे नाबालिग को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने 221 किलो डोडाचूरा, पावर ट्रैक ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त डोडाचूरे की कीमत 4 लाख 42 हजार रुपए, ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत 8 लाख रुपए और दोनों मोबाइल की कीमत 20 हजार रुपए बताई गई है। कुल जब्ती करीब 12 लाख 62 हजार रुपए की है। मामले में गोविंद पिता विष्णु, निवासी नारिया बुजुर्ग और विधि विरुद्ध बालक के खिलाफ गरोठ थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। फरार गोविंद की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

