अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस की कार्रवाई, 55 हजार के पटाखे जब्त नेटवे कम्प्यूटर दुकान के ऊपर रखा था पटाखों का जखीरा, दो युवक गिरफ्तार; विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज

मंदसौर। दीपावली सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वायडी नगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को संजीत रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने नेटवे कम्प्यूटर दुकान के ऊपर से अवैध रूप से रखे पटाखों के नौ कार्टून जब्त किए। इनकी कीमत करीब 55 हजार रुपए बताई गई है। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। मौके से संजय हील्स निवासी राहुल सोलंकी (25) और विकास माली (22) के कब्जे से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए। जब्त सामग्री में रस्सी बम, चकरी, फुलझड़ी, कमांडो और टाइगर पटाखे, किंगफिशर पटाखे, म्यूजिक फुलझड़ी, टाइगर बम, फ्लावर अनार, मास्टर और कैप्टन पटाखे सहित अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वायडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 426/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धारा 5 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस अब जब्त पटाखों के स्रोत और उनके भंडारण से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल और सीएसपी जितेंद्र भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में की गई।

Oct 10, 2026 - 08:48
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0