11 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का 9वां आरोपी हरदोई से गिरफ्तार फिरोजाबाद के म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराता था आरोपी वासील, मंदसौर पुलिस की कार्रवाई; गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
मंदसौर। करीब 11 करोड़ रुपए की साइबर ठगी कर चुके अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ मंदसौर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के नौवें आरोपी वासील सिद्दिकी (23) को उत्तरप्रदेश के हरदोई से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वासील गिरोह को साइबर ठगी के लिए फिरोजाबाद के म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में साइबर ठगी के इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामस्नेही मिश्रा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में शामगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में साइबर सेल और शामगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम लगातार गिरोह से जुड़े आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, बिहार के गिरोह के छह मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भोपाल से म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोपी शिवांश यादव उर्फ शिवा को वृंदावन से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद भोपाल निवासी खाताधारक कृष्णा सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। अब फिरोजाबाद के म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोपी वासील को हरदोई से पकड़ा गया है। पुलिस टीम आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद सहित अन्य शहरों में दबिश देकर गिरोह से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। कार्रवाई में शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्र सैनी सहित साइबर सेल और शामगढ़ थाने के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों की ओर से भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर मिलने वाले लुभावने ऑफर के झांसे में न आएं। अपना पिन, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या https://cybercrime.gov.in/ पर शिकायत दर्ज कराएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

