मंदसौर के आसमान में उड़ान की उम्मीद, एयरपोर्ट की सूची में जिला; प्रदेश के 10 शहरों पर केंद्र की नजर पहले चरण में पांच एयरपोर्ट को मंजूरी, मंदसौर-नीमच-रतलाम को प्रस्ताव में जगह; 2036 तक देश में 100 नए एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य
मंदसौर। मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार की योजना में मंदसौर को शामिल किए जाने से जिले में एयरपोर्ट की उम्मीद फिर मजबूत हुई है। केंद्र सरकार ने प्रदेश की 10 उन्नत एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की योजना को मंजूरी देते हुए पहले चरण में पांच स्थानों पर एयरपोर्ट बनाने का निर्णय लिया है। सिंगरौली से इसकी शुरुआत होगी। प्रस्तावित 10 स्थानों में मंदसौर के साथ नीमच और रतलाम भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में आठ एयरपोर्ट तैयार हो चुके हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट का निर्माण चल रहा है। राज्य सरकार ने सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल की उन्नत एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया है।
मंदसौर के इस सूची में शामिल होने से जिले में हवाई कनेक्टिविटी की संभावनाएं बढ़ी हैं। एयरपोर्ट विकसित होने पर मंदसौर सीधे बड़े शहरों के हवाई नेटवर्क से जुड़ सकता है। इससे व्यापार, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ भगवान पशुपतिनाथ मंदिर सहित जिले के धार्मिक स्थलों तक देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की पहुंच आसान हो सकती है।
केंद्रीय मंत्री नायडू ने बताया कि उड़ान योजना को वर्ष 2036 तक बढ़ा दिया गया है। इसके तहत अगले 10 वर्षों में देश में 100 नए एयरपोर्ट विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। मध्यप्रदेश में प्रस्तावित एयरपोर्ट भी इसी योजना के तहत विकसित किए जाएंगे।
पहले चरण में पांच एयरपोर्ट का निर्माण होगा और इसकी शुरुआत सिंगरौली से की जाएगी। वहीं उज्जैन और शिवपुरी में निर्माणाधीन एयरपोर्ट की प्रक्रिया को भी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हवाई नेटवर्क के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।
मंदसौर के लिए यह प्रस्ताव केवल हवाई सेवा तक सीमित नहीं है। एयर कनेक्टिविटी मिलने से जिले में निवेश, उद्योग, पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को नई गति मिलने की संभावना है। हालांकि मंदसौर में एयरपोर्ट निर्माण का अंतिम निर्णय आगामी चरणों की प्रक्रिया पर निर्भर रहेगा।