केरेटों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 220 किलो डोडाचूरा, दो गिरफ्तार गरोठ पुलिस ने पिकअप से 2.20 क्विंटल मादक पदार्थ जब्त किया, डोडाचूरा की कीमत 4.40 लाख रुपए, वाहन सहित कुल 14.64 लाख का माल बरामद

मंदसौर। गरोठ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 220 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे वाहन में प्लास्टिक की खाली केरेटों के नीचे 11 काले प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पिकअप, दो मोबाइल और 40 खाली केरेट भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 14 लाख 64 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप में प्लास्टिक की खाली केरेटों के नीचे डोडाचूरा छिपाकर पिपल्या जत्ती की ओर से गरोठ होते हुए आठलेन की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली। वाहन में रखी केरेटों के नीचे 11 काले प्लास्टिक के कट्टों में 220 किलोग्राम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने डोडाचूरा के साथ तस्करी में इस्तेमाल पिकअप, एक एआई कंपनी का मोबाइल, एक वीवो मोबाइल और 40 खाली केरेट जब्त किए। कार्रवाई में सुरेंद्रसिंह (26) निवासी उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम पंजाब और रामशरण (21) निवासी उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम पंजाब को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गरोठ थाने में अपराध क्रमांक 423/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जब्त 220 किलोग्राम डोडाचूरा की कीमत 4 लाख 40 हजार रुपए, पिकअप की कीमत 10 लाख रुपए, दोनों मोबाइल की कीमत 20 हजार रुपए और 40 खाली केरेटों की कीमत 4 हजार रुपए आंकी गई है। कार्रवाई थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक बलवानसिंह देवड़ा और पुलिस टीम ने की।

Oct 19, 2026 - 08:10
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0