87 किलो डोडाचूरा जब्ती मामला, तीन फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस, आपूखेड़ी के भारतसिंह को फिर बनाया आरोपी, पंजाब के अजय की तलाश में जाएगी पुलिस

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पिपलियामंडी और नारायणगढ़ पुलिस द्वारा अलग-अलग मामलों में करीब 87 किलो डोडाचूरा जब्त कर गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को बुधवार को एनडीपीएस एक्ट कोर्ट मंदसौर में पेश किया गया। रिमाण्ड अवधि समाप्त होने पर न्यायालय ने दोनों को जेल भेजने के आदेश दिए। वहीं, दोनों मामलों में फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। नारायणगढ़ टीआई राजेन्द्र पंवार ने बताया कि चंद्रपुरा निवासी सलीम खान से पूछताछ के दौरान सामने आया कि वह डोडाचूरा आपूखेड़ी निवासी भारतसिंह सौंधिया से लेकर राजस्थान के नागौर निवासी परथाराम जाट को देने जा रहा था। मामले में परथाराम जाट को पूर्व में ही आरोपी बनाया जा चुका है, जबकि अब भारतसिंह सौंधिया को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि नारायणगढ़ पुलिस ने सलीम खान की मारुति ईको कार से 56 किलो 950 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया था। आरोपी ने कार के गैस टैंक में विशेष रूप से बनाई गई जगह में भी डोडाचूरा छिपा रखा था। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ कार और मोबाइल भी जब्त किया था। इधर, पिपलियामंडी पुलिस ने गुड़भेली बड़ी के निकट बायपास पर बाइक सवार मंगा (27) पिता भोंदू राजपूत निवासी रायपुरा, जिला फाजिल्का (पंजाब) को 30 किलो डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार किया था। पिपलियामंडी टीआई विक्रमसिंह इवने ने बताया कि रिमाण्ड अवधि समाप्त होने के बाद न्यायालय ने मंगा को भी जेल भेजने के आदेश दिए हैं। पूछताछ में सामने आया कि मंगा को डोडाचूरा लेने के लिए अजय ने भेजा था। अजय पंजाब में पाकिस्तान सीमा के पास स्थित गांव का निवासी बताया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस शीघ्र ही पंजाब जाएगी। अजय की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेगा कि उसने मंगा को डोडाचूरा लेने के लिए किस व्यक्ति के पास भेजा था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Oct 22, 2026 - 08:08
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0