तीन नकबजनी की वारदातों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार नारायणगढ़ पुलिस ने चांदी के जेवर, सोने के मोती लगे पोची और 20 हजार रुपए नकद किए जब्त, चार फरार आरोपियों की तलाश जारी
मंदसौर। नारायणगढ़ पुलिस ने नकबजनी की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवर, सोने के मोती लगे पोची और 20 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नारायणगढ़ कस्बे, हिंगोरिया छोटा और उदपुरा में चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। मामले में चार अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल तथा मल्हारगढ़ एसडीओपी पीएस बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को नारायणगढ़ निवासी आशीष चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुम्हारों की गुवाड़ी, वार्ड क्रमांक 7 स्थित उनके घर में दिन के समय अज्ञात बदमाश घुसे और सोने-चांदी के पुराने जेवर चुराकर ले गए। इस मामले में नारायणगढ़ थाने पर अपराध क्रमांक 23/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
इसी तरह 10 अक्टूबर 2026 को हिंगोरिया छोटा निवासी जीवन सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 3 से 4 बजे के बीच अज्ञात बदमाश उनके घर में घुसे और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 312/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में किया खुलासा
दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। इसी दौरान 24 अक्टूबर को उपनिरीक्षक भारत भाबर को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने प्रदीप उर्फ हनिश पिता हरिशचंद्र उर्फ हरचंद सिंगावत (21) और परवेश उर्फ परवेज पिता प्रकाश मालवीय (20), दोनों निवासी हाड़ी पिपलिया, थाना मनासा, जिला नीमच को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हिंगोरिया छोटा में चोरी करना स्वीकार किया। प्रदीप उर्फ हनिश ने 20 जनवरी को अपने साथियों के साथ नारायणगढ़ कस्बे में तथा 19-20 सितंबर 2026 की रात नई आबादी थाना क्षेत्र के उदपुरा गांव में चोरी की वारदात को अंजाम देना भी स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन जोड़ी चांदी की पायजेब, तीन जोड़ी चांदी की बिछिया, एक जोड़ी चांदी के कड़े, सोने के मोती लगे दो जोड़ी पोची और 20 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं।
चार आरोपी अभी फरार
पुलिस ने बताया कि मामले में सुरेंद्र पिता शंभूलाल मालवीय, निक्की पिता श्यामलाल मालवीय और राजीव उर्फ राजू पिता सुरेश मालवीय, सभी निवासी हाड़ी पिपलिया, थाना मनासा, जिला नीमच तथा अभिषेक डाबर निवासी बर्डिया, थाना मनासा, जिला नीमच फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणगढ़ सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।