खेत में खेल रही 6 साल की हंसा को सांप ने डसा, अस्पताल में मौत मूंगफली निकाल रहे थे परिजन, दर्द से रोती बच्ची ने बताया तो जिला अस्पताल लेकर पहुंचे; यूकेजी में पढ़ती थी मासूम
मंदसौर। खेत में परिजनों के साथ मौजूद छह साल की बच्ची की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना बुधवार रात करीब 8 बजे जिले के रसूलपुर गांव की है। बच्ची के परिजन खेत में मूंगफली निकाल रहे थे, जबकि वह पास में खेल रही थी। इसी दौरान सांप ने उसके हाथ पर काट लिया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया। मृत बच्ची की पहचान हंसा पिता घनश्याम धनगर निवासी रसूलपुर के रूप में हुई है। वह यूकेजी में पढ़ती थी। परिजनों के अनुसार, खेत में खेलते समय सांप ने हंसा के हाथ पर काट लिया। दर्द से परेशान बच्ची ने रोते हुए परिजनों को इसकी जानकारी दी। पिता उसे लेकर तुरंत मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया गया। नई आबादी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हंसा का एक वीडियो भी सामने आया है, जो करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। इसमें बच्ची डांस करती नजर आ रही है। मासूम की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

