सरकारी योजनाओं से रोजगार तक, गांवों में दिखी आत्मनिर्भरता की तस्वीर शिविर में 93 आवेदन मिले, 54 का मौके पर निराकरण; अधिकारियों ने गांवों में पहुंचकर योजनाओं की प्रगति जानी, उद्यमियों और किसानों से किया संवाद

मंदसौर, 30 अक्टूबर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के ग्राम पटेला में आयोजित शिविर में 93 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 54 का अधिकारियों ने मौके पर ही निराकरण कर दिया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय की गई। अभियान के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न गांवों का भ्रमण कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति देखी। इस दौरान कहीं युवाओं द्वारा स्थापित दाल-बेसन मिल में रोजगार सृजन की तस्वीर सामने आई तो कहीं गौसेवा और जैविक खेती के जरिए ग्रामीण आत्मनिर्भरता की मिसाल देखने को मिली। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन और जिला स्तरीय अधिकारियों ने पटेला में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इससे पहले अधिकारियों ने दलौदा रेल ग्राम पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। ग्राम एलची में बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी समिति पहुंचकर खाद वितरण व्यवस्था और पीओएस मशीन की जानकारी ली। ग्राम बानीखेड़ी में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन उद्योग योजना के तहत स्थापित दाल एवं बेसन मिल अधिकारियों के निरीक्षण का प्रमुख केंद्र रही। ताजखेड़ी के मनीष और वीकेश पाटीदार तथा दलौदा के कामेश जोशी ने मिलकर इस इकाई की स्थापना की है। यहां दाल, बेसन और पशु आहार का उत्पादन किया जा रहा है। मिल का ग्राउंड फ्लोर 7 हजार वर्गफीट और प्रथम तल 16 हजार वर्गफीट में बना है। युवाओं ने सरकारी योजना की मदद से अपना उद्यम स्थापित करने के साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। ग्राम सेमलिया हीरा में गौसेवा की अनूठी पहल भी सामने आई। पड़ोसी गांव गुराड़िया लालमुंहा के राहुल पाटीदार, पंकज पाटीदार और राहुल धनगढ़ अपनी रोटी मेकर मशीन लेकर गौशाला पहुंचते हैं और गायों के लिए रोटियां तैयार करते हैं। युवाओं ने साढ़े आठ लाख रुपये में यह मशीन खरीदी है, जो एक घंटे में करीब दो हजार रोटियां बना सकती है। मशीन विभिन्न आयोजनों में किराये पर भी दी जाती है। युवाओं के इस प्रयास की अपर कलेक्टर जायसवाल और सीईओ जैन ने सराहना की। अधिकारियों ने गौशाला में गायों को आहार खिलाया और चुनरी ओढ़ाई। इसी गांव में किसान सत्यनारायण कुमावत द्वारा वर्मी कंपोस्ट और जैविक पेस्टिसाइड तैयार करने के कार्य का भी निरीक्षण किया गया। किसान ने हाल ही में 17.50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से 1,600 बोरी वर्मी कंपोस्ट बेचा, जिसकी कुल कीमत करीब 1.20 लाख रुपये रही। उनके अनुसार इस कारोबार में लगभग 50 प्रतिशत मुनाफा हुआ है। वर्मी कंपोस्ट की मांग अधिक होने से उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों से भी ऑर्डर मिल रहे हैं। पटेला में आयोजित उद्यम संवाद में शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय स्थापित करने वाले उद्यमियों ने अनुभव साझा किए। सुराना दाल मिल, सेंडस्टोन उत्पाद, कृष्ण सेंड, बालाजी इंटरप्राइजेज, आरोही गार्लिक, हरि इंफ्रा और सक्षम ट्रेडिंग से जुड़े उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानियां बताईं। कार्यक्रम का उद्देश्य अन्य लोगों को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना रहा। ग्राम एलची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी अधिकारियों और ग्रामीणों ने देखा। इस दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त किसानों के खातों में अंतरित की गई। गांव के 75 वर्षीय किसान रतनलाल सूर्यवंशी ने बताया कि उन्हें कई वर्षों से इस योजना का लाभ मिल रहा है। सम्मान निधि की राशि खेती और अन्य जरूरतों में मददगार साबित होती है। अभियान के दौरान सेमलिया हीरा के हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों से भी संवाद किया गया। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने बच्चों को एकाग्रता से पढ़ाई करने, लक्ष्य निर्धारित करने और संघर्ष से नहीं घबराने की सीख दी। जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

Oct 31, 2026 - 08:20
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0