पुलिस को देखकर भागी क्रेटा कार खेत में पलटी, 138 किलो 960 ग्राम डोडाचूरा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पिपलियामंडी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 138 किलो 960 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने डोडाचूरा परिवहन में प्रयुक्त सफेद रंग की क्रेटा कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में एक 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9.55 बजे पिपलियामंडी पुलिस को गोगरपुरा गांव में धारियाखेड़ी तिराहे पर एक सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक एमपी 09 डब्ल्यू एफ 3927 तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की गति बढ़ाकर पुलिस वाहन को चकमा देते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो गोगरपुरा और धारियाखेड़ी के बीच मोड़ पर चालक कार से संतुलन खो बैठा। कार सड़क किनारे महेश एग्रो के खेत की जाली से टकराकर पलटी खा गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चालक कार से उतरकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने कार में प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा ले जाना स्वीकार किया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम चैतन्यराजसिंह उर्फ छविराजसिंह (21) पिता भोपालसिंह उर्फ पप्पूसिंह शक्तावत, निवासी सुजानपुरा थाना पिपलियामंडी बताया। पुलिस ने नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई करते हुए क्रेटा कार की पिछली सीट से पांच तथा डिक्की से चार प्लास्टिक कट्टे बरामद किए। कट्टों में भरा 138 किलो 960 ग्राम डोडाचूरा मिला। इसके साथ ही आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और सफेद रंग की क्रेटा कार भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, कार के इंजन और चेचिस नंबर घिसे हुए पाए गए। इसकी भी पुलिस जांच कर रही है, कहीं कार पर दर्ज नम्बर फर्जी तो नही। कार दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण मौके पर यातायात थाने से क्रेन बुलवाई गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने पहुंची। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। डोडाचूरा कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इस संबंध में पूछताछ जारी है।

Oct 31, 2026 - 08:22
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0