तिरंगे के रंग में रंगा मंदसौर, 100 फीट तिरंगे के साथ निकली विशाल रैली हर घर तिरंगा अभियान में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, धर्मगुरु, पूर्व सैनिक और नागरिक हुए शामिल; आज मौन जुलूस, कल तिरंगा साइकिल रैली
मंदसौर। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच गुरुवार को मंदसौर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से निकली विशाल तिरंगा रैली में शहरवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। महाराणा प्रताप बस स्टैंड से शुरू हुई रैली में 100 फीट लंबा तिरंगा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, धर्मगुरुओं, पूर्व सैनिकों, शासकीय कर्मचारियों तथा नागरिकों ने हाथों में तिरंगा थामकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। रैली महाराणा प्रताप बस स्टैंड से बीपीएल चौराहा, गांधी चौराहा, नेहरू बस स्टैंड सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए भारत माता चौराहा पहुंची। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा और स्वागत कर रैली का उत्साह बढ़ाया। भारत माता चौराहे पर भारत माता की आरती के साथ रैली का समापन हुआ। रैली में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा, पूर्व विधायक यशपालसिंह सिसौदिया, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल, एसडीएम शुभम पाटीदार सहित अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न धर्मगुरु, पूर्व सैनिक और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल 15 अगस्त को राजीव गांधी क्रीड़ा परिसर में होने वाले स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की अंतिम रिहर्सल भी गुरुवार को हुई। कलेक्टर दिव्यांक सिंह और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना सहित अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण, हर्ष फायर, मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास किया गया। रिहर्सल में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस दल और पुलिस बैंड सहित विभिन्न दलों ने हिस्सा लिया। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, संयुक्त कलेक्टर प्रीति संघवी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बघेल और एसडीएम शुभम पाटीदार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। आज विभाजन विभीषिका दिवस पर मौन जुलूस स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 14 अगस्त को मंदसौर में विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के अनुसार नक्षत्र गार्डन से सुबह 10 बजे मौन जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कार्यक्रम होगा, जिसमें वक्ता देश विभाजन की विभीषिका और उससे जुड़ी घटनाओं पर अपने विचार रखेंगे। डाक विभाग ने भी निकाली तिरंगा यात्रा हर घर तिरंगा अभियान के तहत डाक विभाग की ओर से भी मंदसौर प्रधान डाकघर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। अधीक्षक डाकघर अजित सिंह डामोर ने यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा और महात्मा गांधी चौराहा होते हुए वापस प्रधान डाकघर पहुंची। डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने तिरंगे के साथ यात्रा में भाग लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। 14 अगस्त को एनसीसी की तिरंगा साइकिल रैली स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी मंदसौर की ओर से 14 अगस्त को तिरंगा साइकिल रैली निकाली जाएगी। सुबह 8:45 बजे पशुपतिनाथ गेट, बटालियन स्थल चंद्रपुरा से रैली शुरू होगी। इसमें भारतीय सेना के अधिकारी, पूर्व सैनिक, एनसीसी अधिकारी और कैडेट शामिल होंगे। रैली का मार्ग पशुपतिनाथ गेट से चंद्रपुरा, पुलिस लाइन, यातायात थाना, उधम सिंह चौराहा, बीपीएल चौराहा, गांधी चौराहा, नेहरू बस स्टैंड, भारत माता चौराहा, घंटाघर, मंडी गेट, प्रतापगढ़ पुलिया, पशुपतिनाथ नई पुलिया, पशुपतिनाथ मंदिर होते हुए पुनः पशुपतिनाथ गेट रहेगा। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, देशभक्ति और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

