स्विफ्ट कार में 100 किलो डोडाचूरा ले जा रहा था युवक, नाकाबंदी में पकड़ा; 7.60 लाख का माल जब्त
मंदसौर। नारायणगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 100 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत 2 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने 5.50 लाख रुपए कीमत की स्विफ्ट कार और 10 हजार रुपए का मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7.60 लाख रुपए है। पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को नारायणगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में झारड़ा-भंवरासा रोड स्थित बोरखेड़ी फंटा यात्री प्रतीक्षालय के सामने वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बिना नंबर की सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली। कार में पांच प्लास्टिक के कट्टे रखे मिले। जांच करने पर इनमें कुल 100 किलो अवैध डोडाचूरा भरा मिला। पुलिस ने कार चालक अजय सिंह पिता हरिसिंह सौंधिया राजपूत (24), निवासी बेलारी, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 100 किलो डोडाचूरा, बिना नंबर की मारुति स्विफ्ट कार और विवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया गया। नारायणगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 257/26 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी सामने आने की संभावना है। कार्रवाई में नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

